उधमपुर। रेड जोन शक्तिनगर में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से शनिवार को स्थानीय निवासियों के कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल लिए गए। सुबह से शाम तक स्वास्थ्य विभाग की टीम सैंपल लेने के कार्य में जुटी रही। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि सैंपल लेकर पता लगाया जा रहा है कहीं कोई पॉजिटिव तो नहीं है।
गौरतलब है कि चार सप्ताह पहले शहर के शक्तिनगर में कोरोना पॉजिटिव के दस के करीब मामले सामने आए थे। इसके बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया था और आनन फानन में जिला प्रशासन ने शक्तिनगर को रेड जोन घोषित कर कई तरह के प्रतिबंध लगा दिए थे। तारबंदी कर लोगों के बाहर निकलने पर भी प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बाद स्थानीय निवासियों के कोरोना टेस्ट करवाए गए।
हालांकि इनमें केवल एक व्यक्ति ही कोरोना पॉजिटिव पाया गया। स्वास्थ्य विभाग ने फिर से रेड जोन में सैंपल लेने का काम काम शुरू कर दिया है। शनिवार सुबह स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीम शक्तिनगर में पहुंची और लोगों को बाहर निकाल कर कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल लिए गए। कोरोना टेस्ट के लिए दोपहर तक लंबी कतार लगी रही। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि कई बार कोरोना के लक्षण देरी से सामने आते हैं। इसलिए एक बार फिर से कोरोना के सैंपल लिए जा रहे हैं। जिले को कोरोना मुक्त करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। लोगों को भी इसमें स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करना चाहिए। शाम तक स्वास्थ्य विभाग ने 100 से अधिक लोगों के कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल ले लिए थे।