किश्तवाड़। क्वांरटीन किए गए पंजाब से लौटे व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसके संपर्क में आए अन्य लोगों की तलाश के लिए मंगलवार को भी दिनभर स्वास्थ्य विभाग व पुलिस विभाग की टीम जूटी रही। इस दौरान पॉजिटिव व्यक्ति की निगरानी में तैनात डाक्टर सहित करीब दर्जन भर अन्य लोगों को भी क्वांरटीन किया गया है।
गौरतलब है कि पंजाब से लौटे किश्तवाड़ के ठाठरी के रहने वाले एक व्यक्ति को सर्वप्रथम किश्तवाड़ के एक स्कूल में बनाए गए क्वांरटीन केंद्र में रखा गया था लेकिन वहां स्वास्थ्य व अन्य सुविधाओं के अभाव में उसे एक स्थानीय डाक्टर की निगरानी में किश्तवाड़ के अन्य क्वारटीन केंद्र में भेज दिया गया। इस दौरान उक्त व्यक्ति के संपर्क में कई अन्य लोगों के आने की भी आशंका व्यक्त की जा रही है। उल्लेखनीय है कि उक्त व्यक्ति का परिवार किश्तवाड़ में एक किराए के मकान में रहता है। वहीं सोमवार को उक्त व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद जिला प्रशासन सहित स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया और उसने आनन-फानन में पॉजिटिव व्यक्ति को स्थानातंरित करने के दौरान संपर्क में आए व उससे मिलने के लिए आए लोगों की पहचान कर उन्हें क्वांरटीन करने के लिए किश्तवाड़ के विभिन्न स्थानों पर जाकर पुछताछ शुरू कर दी। इस दौरान टीम ने उसके किराए के निवास स्थान पर भी जाकर पूछताछ की।
मंगलवार को दिनभर पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क में आए लोगों की पहचान करने के लिए पुलिस विभाग व स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की टीम विभिन्न स्थानों पर पूछताछ करते दिखे। और दर्जन भर सपंर्क में आए संदिग्ध लोगों को क्वांरटीन किया। वहीं इस मामले के सामने आने के बाद जहां पूरे किश्तवाड़ में दिनभर लोगों के लिए यह चर्चा का विषय रहा। वहीं दूसरी ओर से बाजारों की चहलपहल में इसका कोई भी असर नजर नहीं आई। सोमवार की तरह ही मंगलवार को भी लॉकडाउन में मिली ढील के दौरान लोगों ने सामाजिक दूरी का पालन करते हुए जरूरत का सामान आदि खरीदा।