उधमपुर। 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों को वैक्सीन लगाने के लिए छेड़े गए अभियान से जिले में कोरोना वैक्सीन की प्रक्रिया मे एक बार फिर से तेजी आई है। तीन दिन से जिले में हर रोज दो हजार से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। शनिवार को शाम तक कुल 2999 लोगों को वैक्सीन लगाई है।
वैक्सीनेशन की प्रक्रिया में एक बार फिर से तेजी देखने को मिली है और इसका एक बड़ा कारण 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण के लिए विशेष अभियान की शुरूआत करना है। इसमें दुकानदार, ढाबे, होटल कर्मचारी व सरकारी कर्मचारियों के साथ विधवा महिलाओं व दिव्यांग लोगों को टीका लगाया जा रहा है। शाम तक जिले में कुल 2999 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इनमें 18 से 44 आयु वर्ग में कुल 2814 लोगों को वैक्सीन लगवाई गई।
इसके लिए शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में भी विशेष वैक्सीन सेंटर बनाए गए थे। इसके साथ एक स्वास्थ्य कर्मचारी को पहली व चार को दूसरी डोज लगाई गई। एक फ्रंट लाइन वर्कर्स को पहली और चार को दूसरी, 45 से 60 आयु वर्ग में 104 लोगों को पहली और 24 को दूसरी डोज, 32 वरिष्ठ नागरिकों को पहली और 15 को दूसरी डोज लगाई गई है।