उधमपुर। जिले के शहर व ग्रामीण इलाकों में बुधवार को कुल छह लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। करीब चार सप्ताह के बाद जिले में इतने अधिक संख्या में लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित लोगों के संपर्क में रहने पर 25 के करीब लोगों को होम क्वारंटीन किया है। साथ ही इनके कोरोना टेस्ट भी करवाए गए हैं।
पिछले कुछ दिनों से जिले में कोरोना के मामलों में लगातार कमी आ रही थी। इसके साथ ही ठीक होने वाले लोगों की संख्या में बढ़ोतरी जारी है। इससे स्वास्थ्य विभाग को बहुत ज्यादा राहत मिल रही है। मंगलवार केे जिले में केवल एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया था। इसके साथ छह लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे थे। बुधवार को अचानक से संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी हो गई है। शाम तक कुल छह लोग कोरोना संक्रमित पाए जा चुके थे। इनके संपर्क में रहने वाले लोगों का पता लगा कर सबको होम क्वारंटीन कर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 4210 हो गए हैं। इसमें से 4128 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 57 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में अब कोरोना संक्रमण के 25 मामले सक्रिय रह गए हैं। इनमें से 20 को होम आइसोलेशन पर रखा गया है। 53 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। तीन को प्रशासनिक क्वारंटीन पर रखा गया है। बुधवार को कोरोना को मात देने में कोई कामयाब नहीं हुआ है।