उधमपुर। जिले में कोरोना संक्रमित मामलों की संख्या में कमी का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। शाम तक जिले में केवल पांच लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इनके संपर्क में रहने वाले लोगों को क्वारंटीन करने के साथ ही कोरोना टेस्ट भी करवाए गए हैं।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार कोरोना के मामलों में कमी आने पर प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग काफी राहत महसूस कर रहा है। करीब तीन सप्ताह से गिरावट जारी है और बीच में एक दिन ऐसा भी निकला है, जब कोई भी कोरोना संक्रमित मामला सामने नहीं आया है। रविवार को केवल पांच लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग काफी राहत महसूस कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि सैंपलिंग लगातार जारी है। हालांकि रविवार को कोई भी कोरोना को मात देने में कामयाब नहीं हुआ है। मौजूदा समय में जिले के अंदर 113 कोरोना के सक्रिय मामले हैं, जिनमें से 83 लोगों को होम आइसोलेट किया गया है। इसके साथ ही जिले में 221 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है और 63 लोगों को प्रशासनिक क्वारंटीन पर रखा गया है।