उधमपुर। डीसी इंदु कंवल चिब ने शनिवार को जिला अस्पताल में आरटीपीसीआर परीक्षण करवाकर जिलावासियों से कोरोना टेस्ट और टीकाकरण के लिए आगे आने की अपील की।
उन्होंने कहा कि वह पहले से कोरोना वैक्सीन की दोनों खुराक ले चुकी हैं, लेकिन जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से आरटीपीसीआर परीक्षण करवाया है। हमेशा मास्क पहनने के साथ ही कोविड एसओपी का पालन करती हैं। इसलिए सभी लोगों को बिना घबराहट व संकोच के कोरोना टेस्ट करवाने और वैक्सीन के लिए आगे आना चाहिए। यह स्वयं की सेहत के साथ-साथ समाज की सुरक्षा के लिए जरूरी है। इस मौके पर उन्होंने सभी विभागों के प्रत्येक कर्मचारी द्वारा आरटीपीसीआर परीक्षण के संचालन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश भर के विभिन्न राज्यों में दोबारा से कोविड-19 के नए मामलों में उछाल आ रहा है। जिसे देखते हुए सभी को सख्ती से कोविड एसओपी का पालन करने की भी जरूरत है। इस मौके पर एडीसी अशोक कुमार, मुख्य योजना अधिकारी राजीव भूषण, सीएमओ डॉक्टर केसी डोगरा, चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर विजय रैना आदि मौजूद रहे।