उधमपुर। जिले के शहर व ग्रामीण इलाकों में रविवार को कुल छह लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं, जबकि 15 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। इसी के साथ जिले में अब कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 77 रह गई है। मामले कम होने पर स्वास्थ्य विभाग काफी राहत महसूस कर रहा है।
पिछले कुछ दिनों से लगातार कोरोना के मामलों में कमी आ रही है और कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। स्वास्थ्य विभाग लगातार हर रोज एक हजार से अधिक लोगों के कोरोना टेस्ट करवा कर संक्रमितों का पता लगा रहा है। शनिवार को कुल चार लोग कोरोन संक्रमित पाए गए थे और आठ लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे थे। रविवार को छह लोग संक्रमित पाए गए हैं। इनके संपर्क में रहने पर कुछ लोगों को होम क्वारंटीन भी किया है और इनके कोरोना टेस्ट भी करवाए गए हैं। दो लोग टिकरी, दो पंचैरी, एक शहर और बसंतगढ़ में संक्रमित पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 11197 हो गए हैं। इनमें से 10989 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। 131 की संक्रमण से मौत हो चुकी है और जिले में अब 77 सक्रिय मामले बचे हैं।