उधमपुर। जिले में अचानक से रविवार को कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी हो गई है और शाम तक कुल 19 लोग संक्रमित मिले। इनकी संख्या में बढ़ोतरी से प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। उधमपुर में तो कोई संक्रमित नहीं मिला है, लेकिन यह सभी मामले ग्रामीण इलाकों में पाए गए हैं। सात लोग कोरोना को मात देने में भी कामयाब रहे हैं।
जून महीना शुरू होने के साथ ही जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी होना शुरू हो गई थी। हालात यह बन गए थे कि शनिवार को जिले में केवल दो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे। तीन महीने में सबसे कम मामले शनिवार को ही मिले थे। इससे उम्मीद जगने लगी थी कि जिला उधमपुर जल्द ही कोरोना संकट से उभर जाएगा, लेकिन दूसरे ही दिन उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ गया। रविवार को अचानक से कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी हुई और शाम तक कुल 19 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। सबसे अधिक 11 लोग चिनैनी में संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ टिकरी में एक, रामनगर में एक, बसंतगढ़ में तीन, पंचैरी में दो और एक सुरक्षाबल संक्रमित पाया गया है। इनके संपर्क में रहने पर स्वास्थ्य विभाग ने 50 से अधिक लोगों को होम क्वारंटीन करने के साथ सबके कोरोना टेस्ट भी करवाए हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि ज्यादा से ज्यादा टेस्टिंग कर इस पर अंकुश लगाने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 11147 हो गए हैं। इनमें से 10912 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। 131 की संक्रमण से मौत हो चुकी है और जिले अब 104 सक्रिय मामले बचे हैं।