निर्माण कार्य में कोताही बरतने के साथ घटिया सामग्री लगाने का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
पौनी। प्राइमरी हेल्थ सेंटर की बन रही नई इमारत का काम मौके पर पहुंचे विभिन्न राजनीतिक दलों के सदस्यों ने बंद करवा दिया। इस दौरान कहा कि निर्माण कार्य में कोताही बरते जाने के साथ ही घटिया निर्माण सामग्री लगाई जा रही है।
बीते मंगलवार को जिला विकास परिषद की सदस्य रीता शर्मा ने काम को बंद करवाया था। उन्होंने इमारत की दीवार मात्र चार इंच चढ़ाने पर रोष जताया। काम को गलत करार देते हुए डीडीसी ने कहा कि अगर आने वाले दिनों में दूसरी मंजिल का काम शुरू होता है तो नीचे व ऊपर दोनों ही इमारत असुरक्षित हो जाएगी। बुधवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता दीदार सिंह, बाबू राम, सूरज शर्मा और दीप राज ने इमारत के काम का निरीक्षण किया। इमारत के काम को जनता के लिहाज से असुरक्षित बताया। डीडीसी की तरफ से बंद करवाए गए काम का समर्थन किया। इसके साथ ही कहा कि कोई जिम्मेदार व्यक्ति या अधिकारी मौके पर आ कर बात करेगा तो ही काम को शुरू किया जाएगा।