श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा, स्वच्छता होगी सुनिश्चित
उधमपुर। ब्लाॅक चिनैनी की पंचायत बाईं के तहत आते तीर्थ स्थल वेणी संगम में गंगा माता मंदिर क्षेत्र में जल्द सामुदायिक स्वच्छता परिसर तैयार किया जाएगा। इसके बनने से यहां आने वाले श्रद्धालुओं को शौचालय की सुविधा के लिए पेश आने वाली परेशानी दूर होने के साथ ही क्षेत्र की स्वच्छता सुनिश्चित होगी।
सामुदायिक स्वच्छता परिसर बनाने के लिए ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज की तरफ से 3 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है। वहीं इसको लेकर ग्रामीणों का कहना है कि इसकी जरूरत काफी समय से महसूस की जा रही है। स्थानीय नेक राम, गणेश शर्मा, उत्तम चंद, मनुीश शर्मा व अन्य ने कहा कि बेणी संगम एक प्रसिद्ध तीर्थ स्थल है और यहां काफी संख्या में दूर दराज के इलाकों से श्रद्धालु स्नान और दर्शन आदि के लिए आते हैं। खासकर महा शिवरात्रि और सावन महीने में यहां श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहती है। ऐसे में यहां सामुदायिक स्वच्छता परिसर की कमी के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है और इससे क्षेत्र का वातावरण भी प्रदूषित होता है। इसलिए कम्युनिटी सेनेटरी काम्प्लेक्स बनने से काफी राहत मिलेगी। संवाद
कम्युनिटी सेनेटरी काम्प्लेक्स बनाने के लिए टैंडर जारी कर दिया गया है और इसकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे का काम भी जल्द पूरा किया जाएगा।
- मो. अनवर, एक्सईएन इंजीनियरिंग विंग ग्रामीण