पांडव मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। श्री आदि शक्ति सेवा संस्था के तत्वावधान में बुधवार को पिंगला माता की 20 वीं अखंड ज्योति यात्रा का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ हुआ। पांडव मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम की शुरुआत पांडव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। इसके उपरांत दिव्यानंद पुरी महाराज (शाहपुरकंडी) ने पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा को रवाना किया। शोभायात्रा पांडव मंदिर से शुरू होकर सैलें तालाब, चबूतरा बाजार, गोल मार्केट और सलाथिया चौक सहित नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः पांडव मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते हुए भक्ति में सराबोर नजर आए। जगह-जगह श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया तथा श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल एवं प्रसाद की व्यवस्था भी की गई।
संस्था के प्रधान अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि 20 वीं अखंड ज्योति यात्रा का दूसरा चरण 16 जुलाई को सुबह 7:30 बजे श्रद्धालु उधमपुर से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित पिंगला माता दरबार के लिए रवाना होंगे। संस्था की ओर से श्रद्धालुओं के लिए बसों का विशेष प्रबंध किया गया है। संस्था के पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुबह समय पर पांडव मंदिर पहुंचकर यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं।