सरकारी डिग्री कालेज उधमपुर ने गढ़ी के सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल को माडल स्कूल योजना के तहत गोद लिया है। शुक्रवार को कालेज के प्रिंसिपल प्रो. एसएस भलवाल ने स्कूल का दौरा कर विद्यार्थियों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
प्रिंसिपल ने दौरे के दौरान सीईओ बिशन दास, स्कूल के प्रिंसिपल स्वर्ण लता के साथ बैठक कर स्कूल के विकास को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि कालेज की तरफ से स्कूल के विकास के लिए पूरी सहायता की जाएगी।
कालेज की तरफ से शिक्षा के क्षेत्र में नाम रोशन करने वाले विद्यार्थियों को स्कालरशिप दी जाएगी। कालेज स्कूल में कंप्यूटर ज्ञान को बढ़ावा देने के लिए कंप्यूटर उपलब्ध करवाएगा।
उन्होंने स्कूल के विद्यार्थियों को बताया कि कालेज की तरफ से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 15 दिसंबर को स्टेट लेवल गवर्नर सिलवर रोलिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है और स्कूल के सभी विद्यार्थी इसके उद्घाटन समारोह के लिए आमंत्रित हैं।