फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udhampur News: मां वैष्णो देवी धाम में दिनभर छाया रहा बादलों का डेरा, हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित

Wed, 18 Jun 2025 12:10 AM IST
जम्मू और कश्मीर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, उधमपुर
विज्ञापन
मां वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए जाते श्रद्धालु। स्रोत : संवाद - फोटो : katra
विज्ञापन
मां के दर्शनों के लिए उमड़े श्रद्धालु
विज्ञापन

अर्धकुंवारी से भवन तक बैटरी कार सेवा सामान्य रूप से होती रही संचालित
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा । मंगलवार को धर्मनगरी सहित मां वैष्णो देवी के दरबार में मौसम ने करवट ली, जिससे यात्रा मार्ग पर एक अलग ही रौनक देखने को मिली। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और सुबह के समय हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई। इससे तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना बना रहा और श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए भवन की ओर अपनी चढ़ाई करते रहे।
सुबह के समय कुछ हेलिकॉप्टर की उड़ानें सफलतापूर्वक भरी गईं, लेकिन बाद में त्रिकुट पर्वत पर धुंध छाने के कारण हेलिकॉप्टर सेवा अस्थायी रूप से प्रभावित हो गई। दृश्यता कम होने के चलते उड़ानों को स्थगित करना पड़ा, जिससे हवाई मार्ग से दर्शन के इच्छुक श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ा। हालांकि अन्य सेवाएं यथावत चलती रहीं। अर्धकुंवारी से भवन तक की बैटरी कार सेवा सामान्य रूप से संचालित होती रही जिससे बुजुर्गों और शारीरिक रूप से कमजोर श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली। इसके साथ ही भवन से भैरव घाटी तक की रोपवे सेवा भी सुचारु रूप से चलती रही जिससे दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को भैरवनाथ बाबा जी के दर्शन करने में कोई कठिनाई नहीं हुई। श्रद्धालुओं का जनसैलाब पूरे दिन यात्रा मार्ग पर नजर आया। वहीं मंगलवार शाम 6 बजे तक लगभग 24 हजार 200 श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शन को प्रस्थान कर चुके थे। सभी श्रद्धालु अपने आरएफआईड़ी कार्ड के माध्यम से यात्रा मार्ग पर चढ़ाई कर रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

श्राइन बोर्ड के अनुसार मौसम को देखते हुए यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। चिकित्सकीय सहायता केंद्र, जलपान केंद्र और विश्राम स्थलों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार आने वाले 24 घंटों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है इसलिए श्रद्धालुओं को सलाह दी जा रही है कि वे यात्रा से पहले मौसम अपडेट जरूर चेक करें और सावधानी बरतें। खराब मौसम के बावजूद मां वैष्णो देवी के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। हर उम्र के श्रद्धालु मां के जयकारों के साथ पवित्र गुफा तक पहुंच रहे हैं और दर्शन कर पुण्य प्राप्त कर रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें