उधमपुर। देविकानगरी को जल्द मल्टीलेवल पार्किंग की सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है। सरकार ने डायरेक्टर लोकल बाड़ी को उधमपुर शहर के अंदर मल्टीलेवल पार्किंग के लिए निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके लिए 17 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। जल्द ही इसके लिए टेंडर जारी किया जा सकता है। इसके तैयार होने के बाद शहर के अंदर पार्किंग की समस्या नहीं रहेगी और लोग आसानी से अपने वाहनों को पार्क कर सकेंगे।
उधमपुर शहर में करीब दस वर्ष से मल्टीलेवल पार्किंग को लेकर प्रयास चल रहे हैं। कई बार इसको लेकर प्रस्ताव तैयार कर सरकार के पास भेजे गए, लेकिन इनको मंजूरी नहीं मिली। पार्किंग स्थल न होने के कारण शहर के अंदर सड़कों पर ही वाहनों को पार्क किया जाता है। इससे बाजार के अंदर दिन भर जाम की स्थिति बनती है। इसको लेकर नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए जाते हैं। लेकिन अब नगर परिषद ने इसको लेकर गंभीरता से काम किया है। करीब तीन महीने पहले डायरेक्टर लोकल बाडी ने शहर का दौरा किया, जिसमें नगर परिषद के चेयरमैन ने पुरानी होल सेल सब्जी मंडी और नगर परिषद कार्यालय व पुराने टाउन हाल के स्थान पर मल्टीलेवल पार्किंग का प्रस्ताव रखा। इसको डायरेक्टर लोकल बाड़ी ने मंजूर कर दिया। इस प्रस्ताव को सरकार के पास भेजा गया, जहां इसको मंजूरी मिल गई है। मल्टीलेवल पार्किंग दो चरणों में तैयार की जानी है। पहले चरण में पुरानी होल सेल सब्जी के स्थान पर तैयार की जाएगी। यहां पर चार मंजिला पार्किंग तैयार होगी। 17 करोड़ रुपये पहले चरण के लिए जारी किए गए हैं। दूसरे चरण को अभी फाइनल मंजूरी नहीं मिली है।
पार्क होंगे 150 से ज्यादा वाहन पार्क
चार मंहिला मल्टीलेवल पार्किंग में 150 से ज्यादा वाहनों को पार्क करने की व्यवस्था होगी। इसकी ड्राइंग का काम जम्मू में किया जा रहा है और यह काम अंतिम चरण में चल रहा है। इसकी ड्राइंग बनने के बाद पीडब्ल्यूडी इसके निर्माण के लिए टेंडर जारी कर देगा। उम्मीद है कि एक वर्ष के अंदर मल्टीलेवल पार्किंग बन कर तैयार हो जाएगी।
सड़क किनारे नगर परिषद ने बनाई है पेड पार्किंग
मौजूदा समय में नगर परिषद ने शहर के गोल मार्केट इलाके में सड़क के किनार पर ही पेड पार्किंग स्थल तैयार किए गए हैं। इनमें वाहनों को पार्क करने पर लोगों से पैसा वसूल किया जाता है। इससे सड़कों पर चलने के लिए स्थान नहीं बचता है। इससे बार बार जाम की स्थिति बनती है।
नगर परिषद मल्टीलेवल पार्किंग की परियोजना पर तेजी से काम कर रही है। इसके लिए मीट मार्केट को भी दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किया जाना है। मीट मार्केट के लिए स्थान की तलाश की जा रही है। पूरा प्रयास है कि जल्द इसका काम शुरू करवा दिया जाए।
- डॉ. जोगेश्वर गुप्ता, चेयरमैन, नगर परिषद