उधमपुर। जियो और जीने दो संस्था की ओर से राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर आरएंडबी क्वार्टर कांप्लेक्स में सफाई अभियान चला कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान संस्था के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और बंद हो चुकी नालियों की सफाई की। संस्था के प्रधान तारिक शाह ने कहा कि राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर स्वच्छता अभियान चलाया गया है, जिसका उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था। सफाई से बीमारियों की रोकथाम की जा सकती है। उन्होंने जिला प्रशासन से आरएंडबी विभाग के क्वार्टरों की सफाई व्यवस्था की सुध लेने की अपील की है। इस अवसर पर संस्था सदस्य राजेश कुमार, नीना कौल, अली, ऊमा, आसिया आदि मौजूद रहे।