धार रोड, एयरफोर्स क्षेत्र, जीएमसी अस्पताल परिसर व आदर्श कॉलोनी में नालों की स्थिति बदत्तर
उधमपुर। शहर के कई इलाकों में कच्चे और क्षतिग्रस्त नाले स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बने हुए हैं। नालों में कचरा भरने से वे जाम पड़े हैं, जिससे पानी की निकासी बाधित हो गई है।
नगर परिषद की लापरवाही के कारण धार रोड, एयरफोर्स क्षेत्र, जीएमसी अस्पताल परिसर, आदर्श कॉलोनी, शिव नगर, बिल्लन बावली और सुभाष नगर में नालों की स्थिति बेहद खराब है। शहर में बने नालों की बरसों से न तो मरम्मत हुई है और न ही कच्चे नालों को पक्का किया गया है। एयरफोर्स रोड और बिल्लन बावली क्षेत्र में निकासी न होने से हर साल तबाही मचती है। लोग कई
बार प्रशासन से सफाई की मांग कर चुके हैं। संवाद
जब से सुभाष नगर में नाला बना है तब से आज तक प्रशासन की ओर से नाले को पक्का नहीं किया जा सका है। बरसात के मौसम में नाले में पानी आने से लोगों के घरों को खतरा हो जाता है।
-विशाल गुप्ता, स्थानीय निवासी
बिल्लन बावली पर स्थित नाले की दशा दयनीय है। बारिश के दिनों में नाले का जलस्तर बढ़ने के कारण नाले का सारा गंदा पानी नाले के पास स्थित मंदिर में बनी बावलियों में आकर उसका पानी दूषित कर देता है। पीने का पानी लेने के लिए भी दो-चार होना पड़ता है।
- अनिल शर्मा, स्थानीय निवासी
हम प्रशासन से यही मांग करते हैं कि जल्द से जल्द शहर के बीचोबीच बने नालों की दशा को सुधारने के साथ ही सफाई अभियान चलाया जाए।
-सतीश वर्मा, स्थानीय निवासी
परिषद की ओर से समय-समय पर नालों की साफ सफाई करवाई जाती है। जल्द ही एक बार फिर से शहर के नालों में सफाई अभियान चलाकर उन्हें साफ किया जाएगा और कच्चे नालों को पक्का करने के लिए प्लान में रखवाया जाएगा।
राजेंद्र ढींगरा, सीईओ नगर परिषद