चिनैनी के बप्प गांव में भूस्खलन के कारण धंसी सड़क। संवाद
सराड़, मरोठी, सीरा, लाटी, डूडू व अन्य का संपर्क सबडिवीजन मुख्यालय चिनैनी से कटा
चिनैनी। पंचायत बप्प में भूस्खलन के कारण सड़क 100 मीटर तक धंस गई है। इससे पंचायत का चिनैनी सब डिविजनल मुख्यालय से संपर्क कट गया है। एक तरफ जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग खुलने से लोगों को राहत तो दूसरी सड़क धंसने से कई इलाकों का संपर्क कटने से समस्याएं अभी भी बरकरार हैं।
मंगलवार देर रात को पंचायत बप्प में भूस्खलन के कारण सड़क धंसने से गाड़ियों की आवाजाही बप्प गांव से आगे बंद हो गई है। इस कारण सराड़, मरोठी, सीरा, लाटी, डूडू और अन्य पंचायतें प्रभावित हुई हैं। बता दें कि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने के कारण जहां पहले से लोग परेशान थे और पंचायत सीरा व लाटी के बीमार दो लोगों को हेलिकॉप्टर के जरिए जिला उधमपुर ले जाया गया था तो वहीं मंगलवार को हेलिकॉप्टर से मानतलाई में राशन भी पहुंचाया गया था। भूस्खलन के कारण सड़क का एक हिस्सा धंस गया है। इससे सराड़, मरोठी, सीरा, लाटी, डूडू व अन्य पंचायतों का संपर्क कटने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क को फिर से जोड़ने के लिए तेज गति से कार्य करने की मांग की है। उन्होंने लोगों की समस्याओं को देखते हुए उसे हल करने के लिए हेलिकॉप्टर से राहत पहुंचाने की मांग की है।
मशीनें मौके पर भेज दी हैं। अभी भी दिक्कत बरकरार है लेकिन उम्मीद है कि तीन से चार दिन में वहां पर सड़क को जोड़ दिया जाएगा।
रितेश कुमार, एईई पीएमजीएसवाई