फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udhampur News: कटड़ा के स्कूलों में बच्चों को मिलेगा पौष्टिक भोजन

Fri, 22 May 2026 01:55 AM IST
जम्मू और कश्मीर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, उधमपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
एलजी मनोज सिन्हा ने रखी अक्षय पात्र की आधुनिक रसोई की आधारशिला
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। जिला रियासी के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए एक बेहतरीन खबर सामने आई है। अब स्कूली बच्चों को मिड-डे-मील योजना के तहत अधिक ताजा, पौष्टिक और उच्च गुणवत्ता वाला भोजन मिल सकेगा। इसी उद्देश्य के साथ श्री माता वैष्णो देवी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पंचायत कोटली मनोत्रियां में ''अक्षय पात्र फाउंडेशन'' की एक अत्याधुनिक और विशाल केंद्रीय रसोई के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई है।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने डिजिटल माध्यम से इस आधुनिक परियोजना का विधिवत शिलान्यास किया।इस अवसर पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि सरकारी स्कूलों के हजारों बच्चों को स्वच्छ और सात्विक भोजन उपलब्ध करवाने की दिशा में अक्षय पात्र फाउंडेशन की यह पहल अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बेहतर शिक्षा के साथ-साथ बच्चों का उत्तम स्वास्थ्य भी बेहद आवश्यक है।
विज्ञापन

पौष्टिक आहार विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बुनियादी जरूरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस आधुनिक रसोई के शुरू होने से बच्चों को समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सकेगा।अक्षय पात्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं ट्रस्टी भरत ऋषभ दास ने संस्था के कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि वे वर्तमान में देश के 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 23 हजार स्कूलों में 24 लाख से अधिक विद्यार्थियों को हर दिन भोजन उपलब्ध करवा रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में इस कल्याणकारी योजना को धरातल पर उतारने का सपना वर्ष 2020 में हुए एक एमओयू के बाद अब जाकर साकार हुआ है।प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस अत्याधुनिक रसोईघर का निर्माण कार्य आगामी वर्ष के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
मार्च 2027 से जिला रियासी के विभिन्न सरकारी स्कूलों में इसके माध्यम से मिड-डे-मील का वितरण विधिवत रूप से शुरू हो जाएगा। इसके प्रारंभिक चरण में क्षेत्र के करीब पांच हजार स्कूली विद्यार्थियों को सीधे तौर पर लाभान्वित किया जाएगा।इस गरिमामयी शिलान्यास कार्यक्रम को श्री माता वैष्णो देवी क्षेत्र के विधायक बलदेव राज शर्मा और विधायक कुलदीप राज दुबे ने भी संबोधित किया।
विज्ञापन

कार्यक्रम के दौरान प्रधान सचिव डॉ. मंदीप कुमार भंडारी, आईजीपी भीम सेन टूटी, जम्मू के मंडलायुक्त रमेश कुमार, डीआईजी शिव कुमार शर्मा, रियासी के उपायुक्त कुमार अभिषेक सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, स्कूली छात्र और भारी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें