शिक्षा विभाग ने 42 लाख रुपये की लागत से करवाया नई इमारत का निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए विभाग ने किथर चिल्डी में पीएम श्री सरकारी हाई स्कूल बनाया है। इसके चलते स्कूल में बच्चों के लिए विभाग की ओर से 42 लाख रुपये की लागत से नई इमारत का निर्माण करवाया गया है। इसमें लाइब्रेरी व कंप्यूटर हाल व कॉन्फ्रेंस हाल बनाया गया है। इसके चलते स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों में खुशी की लहर है।
गौरतलब है कि इस इमारत के बनने से पहले स्कूल में लाइब्रेरी व कंप्यूटर हाल न होने के चलते बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इतना ही नहीं स्कूल में होने वाले कार्यक्रमों के लिए कॉन्फ्रेंस हाल का भी निर्माण करवाया गया है। इस बारे में पूर्व सरपंच छोटू राम ने बताया कि स्कूल में विभाग की ओर से हर तरह की सुविधाएं बच्चों को देने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के लिए स्कूल परिसर में नई इमारत का निर्माण करवाया गया है। इसमें बच्चों की सुविधाओं को देखते हुए कंप्यूटर रूम, कॉन्फ्रेंस हाल के अलावा लाइब्रेरी बनाई गई है। ताकि फ्री समय में बच्चे लाइब्रेरी में आकर विभिन्न प्रकार की किताबें पढ़ सकें। उन्होंने स्कूल में बच्चों को सुविधाएं प्रदान करने के लिए विभाग का आभार व्यक्त किया है।
कोट
जिले में चल रहे सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न आए इसके लिए विभाग की ओर से लगातार प्रयास कर स्कूलों में सुविधाओं की कमी को पूरा किया जा रहा है। इसके चलते स्कूल परिसर में लाइब्रेरी, कंप्यूटर रूम बनाए गए हैं ताकि बच्चों को सुविधाएं मिल सकें।
- कल्पना जसरोटिया, डिप्टी सीएमओ
फोटो सहित