उधमपुर। बाल श्रम के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत मंगलवार को चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने औचक निरीक्षण कर बच्चे को बाल मजदूरी से मुक्त कराया। टीम ने विभिन्न बाजारों में दुकानों, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर अचानक जांच की। इस दौरान व्यापारिक प्रतिष्ठान पर नाबालिग मजदूरी करते मिला, जिसे रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। समाज कल्याण विभाग, श्रम विभाग, पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की टीम ने बाल श्रम के साथ-साथ स्वच्छता व्यवस्था और निर्धारित नियमों के पालन की समीक्षा की। चाइल्ड हेल्पलाइन के समन्वयक हरि कृष्ण ने बताया कि बाल श्रम और बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं की रोकथाम के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बाल मजदूरी करवाने वाले नियोक्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संवाद