चिनैनी में फंसे अखनूर से डोडा बारात लेकर गए बाराती। स्रोत: संवाद
चिनैनी। जिला जम्मू के अखनूर से एक बरात जिला डोडा की ओर गई थी। कुछ दिनों से बाराती, दूल्हा और दुल्हन जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने के कारण रास्ते में फंस गए हैं। उनकी समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। शादी के बाद की जाने वाली रस्में भी रद्द कर दी गईं।
दूल्हे के रिश्तेदार संजीव कुमार ने बताया कि एक सितंबर को अखनूर से बरात निकली थी। डोडा से दो सितंबर को बरात वापस आनी थी लेकिन हाईवे बंद होने के कारण वे चिनैनी में रुके हुए हैं। बरातियों ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से वह चिनैनी के मुक्तेश्वर महादेव मंदिर की सराय में रुके हुए हैं और उन्हें इंतजार है कि कब हाईवे खुला और वह यहां से निकल पाएं। अखनूर में शादी के बाद चार सितंबर को लोगों के लिए डिनर रखा गया था। देवी-देवताओं की रीत भी पूरी की जानी थी, लेकिन सभी कार्यक्रम रद्द हो गए हैं।
सरकार को ऐसी स्थिति में विशेष ध्यान देने की जरूरत है ताकि जो लोग रास्ते में फंसे हैं उन्हें किसी न किसी तरीके से निकाला जा सके। संवाद