संवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी। चिनैनी-दोमेल के बीच तथा चिनैनी सुद्धमहादेव चौक तक सड़क की हालत दयनीय होने के कारण वाहन चालकों को चलने में कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार वाहनों के पुर्जे भी टूट जाते हैं। वाहन हिचकोले खाते हुए गुजरते हैं। चालकों ने सड़क की हालत में सुधार की मांग उठाई है।
वाहन चालक सुरेंद्र कुमार, यशपाल और संजय कुमार ने बताया कि चिनैनी कस्बे से दोमेल और चिनैनी से सुद्धमहादेव चौक तक सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं । चिनैनी में हर रोज हजारों वाहनों की आवाजाही होती है। लोगों को बड़े-बड़े गड्ढों से गुजर कर कस्बे में पहुंचना पड़ता है। गड्ढों के कारण गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो जाती है। इससे गाड़ी का नुकसान भी हो जाता है। गाड़ी ठीक करवाने में घंटों वक्त बर्बाद हो जाता है।
विज्ञापन
लोगों ने कहा कि सड़क की हालत यदि ठीक होगी तो वाहनों की आवाजाही भी आसान होगी। मौजूदा समय में वाहन चालकों को एक से डेढ़ किलोमीटर का सफर करने के लिए भी काफी समय लग जाता है। यदि सड़क ठीक होगी तो वाहन चालक आसानी से इस सड़क पर आवाजाही कर पाएंगे। उन्होंने प्रशासन से मांग उठाई है कि सड़क की हालत में सुधार किया जाए ताकि लोगों की परेशानियां दूर हो जाए।
वहीं लोक निर्माण विभाग के एईई आतिश भारद्वाज ने बताया कि चिनैनी से दोमेल तथा चिनैनी से सुद्धमहादेव चौक तक टेंडर प्रक्रिया जारी है। अलॉटमेंट होने के बाद सड़क पर तारकोल का कार्य शुरू किया जाएगा ।