संवाद न्यूज एजेंसी
रामनगर। नवरात्र के पावन अवसर पर रसैंन पंचायत के कुंड गांव स्थित ऊंचे पहाड़ों पर विराजमान मां डिबरी के दरबार में श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ेगा। पहले नवरात्र यानी रविवार को विधि-विधान के साथ मां डिबरी की 13वीं वार्षिक छड़ी यात्रा रवाना होगी, जिसे लेकर डिबरी माता अखंड ज्योति कमेटी और ग्रामीणों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
कमेटी के संयोजक मुलख राज ने बताया कि पहले नवरात्र पर बाबा सिद्धगोरिया मंदिर में मां डिबरी की अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी। रविवार सुबह सात बजे पूजा-अर्चना के बाद यह छड़ी यात्रा रसैंन-कुंड स्थित माता के दरबार की ओर बढ़ेगी। पिछले 12 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा को लेकर क्षेत्र के लोगों में भारी उत्साह है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रास्ते में विभिन्न स्थानों पर लंगर और पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई है। कमेटी ने सभी क्षेत्रवासियों से इस यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर मां का आशीर्वाद लेने और सुख-समृद्धि की प्रार्थना करने की अपील की है। इस आयोजन से पूरे ग्रामीण इलाके में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।