उधमपुर/रियासी। सीबीएसई 12वीं और जम्मू-कश्मीर बोर्ड (जेकेबोस) 11वीं के परीक्षा परिणाम में विद्यार्थियों ने सफलता के झंडे गाड़े हैं। रियासी से लेकर उधमपुर और रामनगर तक होनहारों ने कड़ी मेहनत से न केवल स्कूलों का मान बढ़ाया बल्कि यह भी साबित कर दिया कि सही मार्गदर्शन और अनुशासन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
सीबीएसई 12वीं के परिणाम में रियासी की सहूती शर्मा और उधमपुर की प्रिया शर्मा ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। केंद्रीय विद्यालय ज्योतिपुरम की सहूति मेडिकल में 94 प्रतिशत (500 में से 470) अंक प्राप्त कर स्कूल के साथ जिला टॉपर बनी हैं। वार्ड पांच राम गली की होनहार के पिता तरुण शर्मा धनोड में शिक्षक हैं और मां ईशा शर्मा गृहिणी हैं। उनके घर में बधाई देने वालों का तांता लगा है। उधमपुर के ब्रह्मऋषि बावरा शांति विद्या पीठ में भी उत्साह का माहौल है। प्रिया शर्मा आर्ट्स में 98.6 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में अव्वल रही हैं। स्कूल के टॉप 20 में 10 छात्र इसी स्ट्रीम से हैं। इनमें रेवांशी कटोच व तेजस गुप्ता (95.6%), सूर्यन मगोत्रा (95%), धैर्य शर्मा व विधि शर्मा (94%), आयुषी शर्मा (92.2%), पुएनिका शर्मा और सिमरन अंथाल (92%), अनंतिका ठाकुर (91.8%) और अश्विका राजपूत (89.8%) शामिल हैं।
मेडिकल में निमृत भारती (94.8%), आरुषि चरक (90.8%), श्रुति शर्मा (90.2%), माणिक चलोत्रा व हिमांशी शर्मा (90%), नॉन मेडिकल में माणिक ठाकुर (92.4%), ध्रुव खजूरिया (91.8%), कॉमर्स में प्राची गुप्ता (94.4%), मृत्युंजय (93.2%) और मान्या गुप्ता (92.6%) ने बढ़िया प्रदर्शन किया है।
दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। मानविकी संकाय में फरहान (97%), अदीप कौर (96%) और पावनी शर्मा ने (95.6%) उत्कृष्ट अंक हासिल किए। मेडिकल स्ट्रीम में आरुषि ठाकुर ने 95.4% और कॉमर्स में प्रणवी गुप्ता ने 92.2% अंक प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय चिनैनी का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। 68 विद्यार्थियों ने सफलता पाई जिनमें आयुष हीर (96.2%) विज्ञान संकाय में और विवेक शर्मा व जानवी अंथल (93.8%) मानविकी संकाय में शीर्ष पर रहे।
जेके बोर्ड 11वीं का परिणाम : बेटियों का जलवा और सरकारी स्कूल छाए
जम्मू-कश्मीर बोर्ड के 11वीं कक्षा के परिणाम में सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों विशेषकर छात्राओं ने प्रतिभा का लोहा मनवाया है। सरकारी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय उधमपुर का परिणाम 80.63% रहा। स्कूल की तीन छात्राओं अक्षरा माथुर (साइंस), पलवी शर्मा (आर्ट्स) और सोनम शर्मा (कॉमर्स) ने 97.6% अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से विद्यालय का मान बढ़ाया। प्रधानाचार्य प्रदुमन पंडोह ने सफलता का श्रेय बच्चों के अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।
सरकारी मॉडल उच्च माध्यमिक विद्यालय रामनगर के छात्रों ने भी मिसाल पेश की है। विज्ञान संकाय में हरेश्वर प्रकाश ने 97.6% अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया जबकि मुस्कान गुप्ता (97.4%) और रूपाली ठाकुर (97.2%) मामूली अंतर से पीछे रहीं। आर्ट्स संकाय में गीता देवी ने 97% अंक के साथ दबदबा बनाया। प्रधानाचार्य उर्वशी परिहार ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।