कैंडल मार्च निकालते एबीवीपी के सदस्य
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। हैदराबाद में पशु चिकित्सक के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले को लेकर रोष जताते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने शनिवार शाम गोल मार्केट से लेकर इंदिरा चौक तक कैंडल मार्च निकाला।
एबीवीपी के नगर मंत्री अजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कैंडल मार्च में काफी संख्या में छात्रों सहित स्थानीय लोगों ने हाथों में जलती हुई मोमबत्तियां लेकर भाग लिया। उन्होंने दुष्कर्म की शिकार युवती की आत्मा की शांति की दुआ मांगी। इसके घटना के सभी दोषियों के लिए फांसी की सजा दिए जाने की मांग की। नगर मंत्री अजय सिंह ने कहा कि हैदराबाद में घटित इस शर्मनाक गैंगरेप व हत्याकांड की अखिल भारतीय परिषद कड़ी निंदा करता है। इसके लिए जो भी लोग दोषी हैं उन सभी को फांसी की सजा दी जाए। ऐसा घिनौना कांड करने वाले इंसानियत के नाम पर कलंक है। उन्हें समाज में रहने का कोई अधिकार नहीं हैं । कठोर कानून बनाए जाने के बाद भी देश में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। आए दिन इन जैसे दरिंदे ऐसे घिनौने कृत्यों को अंजाम देकर पूरे देश और समाज को शर्मशार कर रहें हैं। जिसके लिए पहले से भी कठोर और कडे कानून बनाए जाने की जरूरत है। ऐसे कारनामे न सिर्फ इंसानियत को शर्मसार कर रहें हैं बल्कि इससे देश की युवतियों में भय का माहौल गहराता जा रहा है। जो किसी भी समाज के लिए बेहद चिंता का विषय है।