बाबा दयाल महाराज के जन्म दिवस पर आदर्श कालोनी में आयोजित भंडारे में भाग लेते श्रद्धालु।
- फोटो : बाबा दयाल महाराज के जन्म दिवस पर आदर्श कालोनी में आयोजित भंडारे में भाग लेते श्रद्धालु।
उधमपुर। बावा लाल दयाल मंदिर आदर्श कॉलोनी में बावा दयाल महाराज का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने बावा लाल दयाल के मंदिर में शीश नवाया और परिवार के सुख समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पहले दिन हवन यज्ञ का आयोजन किया गया था, जबकि दूसरे दिन शुक्रवार को हवन की पूर्णाहुति के बाद मंदिर के बाहर भंडारा लगाया गया। दिनभर भजन कीर्तन का सिलसिला भी जारी रहा। कार्यक्रम में पहुंचे श्रद्धालुओं ने पहले मंदिर में पहुंच कर पूजा अर्चना की और परिवार के सुख समृद्धि की कामना की। इसके बाद भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। इससे पहले हवन में भी भाग लेकर श्रद्धालुओं ने आहुतियां डालीं।
मंदिर समिति के सदस्य सुरिंदर अरोड़ा ने बताया कि बावा लाल दयाल का जन्मदिन देशभर में श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर उधमपुर में भी हर साल हवन यज्ञ और भंडारा किया जाता है। उन्होंने शहर की आदर्श काॅलोनी में बीते 20 साल से हर साल बावा लाल दयाल के जन्मदिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस बार यह 21वां भंडारा आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि बावा लाल दयाल महाराज एक तपस्वी थे। उन्होंने देशभर में सनातन को मजबूत करने का काम किया। पंजाब के झेलम नदी के किनारे 100 वर्षों की तपस्या के बाद उन्होंने अपना चोला बदला और दोबारा से बाल्यावस्था में आ गए। इससे उनका नाम बावा लाल दयाल पड़ गया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के घरों में संतान नहीं होती है, वे पंजाब के ध्यानपुर में मौजूद बावा लाल जी के प्रमुख स्थान की बावली में स्नान करें तो उनकी औलाद की मनोकामना अवश्य पूरी होती है। उन्होंने बताया कि बावा लाल दयाल जी ने अपनी योग शक्ति के बल पर 300 साल का जीवन प्राप्त किया। हर सौ साल के बाद वह दोबारा से बाल्यावस्था में आ जाते थे। पंजाब के ध्यानपुर में वे ब्रह्मलीन हुए और वहीं उनकी समाधि व धाम मौजूद है।