कटड़ा। मां वैष्णो देवी की पवित्र यात्रा जोश एवं उत्साह से जारी है। वीरवार शाम तक 65 सौ भक्त पंजीकरण करवा कर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके हैं। वहीं, मौसम साफ रहने के कारण दिनभर हेलिकॉप्टर, बैटरी कार और रोपवे सुविधा जारी रही जिसका श्रद्धालुओं ने लाभ उठाया।
जानकारी के अनुसार मकर संक्रांति के बाद मौसम में सुधार आया है, जिसके बाद यात्रा पर भी असर देखा गया है। वहीं, मां वैष्णो की पुरानी गुफा और अद्धकुंवारी में गर्भ जून गुफा भी खुल गई है, जिस कारण भक्तों में यात्रा के प्रति काफी उत्सा है। दिनभर यात्रा मार्ग मां के जयकारों से गूंज रहा है। यात्री पाली, पिट्ठू, घोड़ों और पैदल दरबार में पहुंच कर हाजिरी लगा रहे हैं। दिनभर मौसम सही होने के कारण हेलिकॉप्टर सुविधा जारी रही है। वीरवार शाम सात बजे तक 65 सौ भक्त मां की पवित्र पिंडियों के दर्शन के लिए पंजीकरण करवा कर रवाना हो चुके थे। बुधवार को करीब नौ हजार भक्तों ने शीश नवाया है। इस दौरान कोविड-19 के दिशा निर्देशों का पूरा पालन किया जा रहा है।