डोडा। डोडा में मंगलावार को डीजल भरवा कर लौट रही बस के चिनाब में गिरने से चालक लापता है। सूचना के बाद दिनभर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया, लेकिन शाम तक कोई कामयाबी नहीं मिली है।
जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय से सात किलोमीटर दूर किश्तवाड़-डोडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गरसू पेट्रोल पंप के नजदीक मंगलवार सुबह 10:40 बजे बस (जेके 02 बीआर-5503) चिनाब में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। सरकारी अमला मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। लेकिन शाम तक कोई सफलता नहीं मिली है। पेट्रोल पंप संचालक के अनुसार बस में चालक ही सवार था। लापता चालक की पहचान अंजील कुमार पुत्र जगदीश कुमार निवासी डोडा के रूप में हुई है। रेस्क्यू टीम के सदस्य मुश्ताक अहमद और अयाज अहमद ने बताया कि खोजबीन के दौराना दरिया के पास पत्थर पर खून दिखा है। फिलहाल देर शाम तक कोई भी सफलता नहीं मिली है।