भद्रवाह। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उप जिला अस्पताल में निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं जम्मू डॉ. अब्दुल हमीद जरगर ने बुधवार को डायलिसिस यूनिट और डिजिटल एक्स-रे मशीन का औपचारिक उद्घाटन किया।
नवस्थापित डायलिसिस यूनिट में दो मशीनें स्थापित की गई हैं जिनके माध्यम से एक समय में दो मरीजों को डायलिसिस की सुविधा प्रदान की जा सकेगी। इससे भद्रवाह और आसपास के क्षेत्रों में किडनी से संबंधित बीमारियों से पीड़ित मरीजों को राहत मिलेगी जिन्हें पहले उपचार के लिए दूरदराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ता था।
उद्घाटन के दौरान दो मरीजों का डायलिसिस किया गया जिससे यूनिट के औपचारिक रूप से शुरू होने की पुष्टि हुई। साथ ही डिजिटल एक्स-रे मशीन (डीआर-600) का भी शुभारंभ किया गया। आधुनिक मशीन स्थापित होने से मरीजों को तेज और सटीक जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी जिससे निदान प्रक्रिया और अधिक प्रभावी बनेगी।
डॉ. अब्दुल हमीद जरगर ने कहा कि डायलिसिस यूनिट और डिजिटल एक्स-रे मशीन की स्थापना अस्पताल में विशेष स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। स्वास्थ्य विभाग जमीनी स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डोडा डॉ. तनवीर अहमद राथर ने निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं जम्मू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई सुविधाओं से मरीजों को काफी लाभ मिलेगा और उन्हें इलाज के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी। यहां मुख्य चिकित्सा अधिकारी डोडा डॉ. तनवीर अहमद राथर, बीएमओ भद्रवाह डॉ. वर्षा शर्मा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।