भद्रवाह। एडीसी सुनील कुमार भुत्याल ने भद्रवाह के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा सार्वजनिक सुविधाओं का जायजा लिया।एडीसी ने पशुधन स्वास्थ्य सेवाओं का मूल्यांकन करने के लिए पशु चिकित्सा अस्पताल भद्रवाह का निरीक्षण किया और उपलब्ध बुनियादी ढांचे की समीक्षा की।
उन्होंने सर्कुलर रोड पर सिंचाई सुरक्षा दीवार के निर्माण की भी जांच की, अधिकारियों को गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने और समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। कॉलेज लिंक रोड पर उन्होंने क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार का निरीक्षण किया और संबंधित विभाग को मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को असुविधा न हो। बॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल भद्रवाह में नवीनीकरण कार्यों की समीक्षा की और गुणवत्ता एवं समयसीमा का सख्ती से पालन करने पर जोर दिया। सुंगली गांव में प्रसिद्ध हिडिंबा माता मंदिर का निरीक्षण किया तथा वहां चल रहे विकास एवं रखरखाव कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।