अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन और यात्रा काफिले की सुरक्षित आवाजाही के लिए हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। श्री अमरनाथ जी यात्रा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए उधमपुर-रियासी रेंज के डीआईजी शिव कुमार शर्मा ने एक सुरक्षा समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में उधमपुर, रियासी, रामबन के एसएसपी समेत क्षेत्र के तमाम बड़े पुलिस अधिकारी, जोनल ऑफिसर और सेक्टर ऑफिसर शामिल हुए।
यात्रियों और पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए डीआईजी ने सभी तैनात अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि वे श्रद्धालुओं के साथ बेहद शालीन और पेशेवर व्यवहार करें। उन्होंने यातायात को सुचारू रूप से चलाने, यात्रा के तय समय (कट-ऑफ टाइमिंग) का कड़ाई से पालन करने और उच्च अधिकारियों द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों को लागू करने पर विशेष जोर दिया।
अधिकारियों को नाका पॉइंट्स पर चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि रजिस्टर्ड यात्रा वाहनों को बिना किसी परेशानी के आगे भेजा जा सके। इसके साथ ही सभी स्थानीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बने लॉजमेंट सेंटरों और लंगरों की सुरक्षा जांच करने के लिए भी कहा गया है।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए अलग-अलग सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल, लगातार गश्त (एरिया डोमिनेशन) और किसी भी आपातकालीन स्थिति से तुरंत निपटने की तैयारियों पर चर्चा हुई। डीआईजी शिव कुमार शर्मा ने अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन और यात्रा काफिले की सुरक्षित आवाजाही के लिए हर समय हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा और अनुशासन के उच्चतम मानकों को बनाए रखते हुए सभी अधिकारी मुस्तैद रहें और अमरनाथ यात्रियों व पर्यटकों को हर संभव सहायता प्रदान करें।