चिनैनी। बैणी संगम में मंगलवार से तीन दिवसीय बैसाखी मेला शुरू हो गया। पहले दिन हजारों श्रद्धालुओं ने तवी और देविका संगम में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद प्राचीन शिव मंदिर पहुंचे जहां कतारों में लगकर दर्शन किए। मेला कमेटी और प्रशासन की ओर से बादमेला स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
बच्चों ने जहां कई प्रकार की गतिविधियों के जरिये मस्ती की तो विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया, एसडीएम डॉ. रंजीत सिंह कोतवाल, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष मानिक गुप्ता के साथ पूर्व उप अध्यक्ष अमित अबरोल ने झूले में बैठकर मेले का आनंद लिया।
दुकानों में दिनभर खरीदारी जारी रही। विभिन्न विभागों ने स्टाल के जरिये लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम ने उत्साह में चार चांद लगा दिए। स्कूली बच्चों ने सामाजिक कुरितियों के खिलाफ जागरूकता फैलाई और लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। मेलास्थल पर जगह-जगह लंगर लगाए गए जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
थाना प्रभारी रघुवीर सिंह के साथ यातायात विभाग के कर्मियों ने लोगों को बताया कि सरकार की ओर से नशा मुक्ति अभियान जारी है और लोग प्रदेश में नशा खत्म करने में सहयोग करें ताकि हर क्षेत्र नशामुक्त हो सके। यदि आसपास या पड़ोस में कोई पीड़ित है तो उसे समाज की मुख्य धारा में लाने के लिए प्रशासन की मदद करें।
जाम ने किया परेशान
मेला स्थल पर कई लोग वाहनों के जरिए पहुंच रहे थे जिस कारण जाम की समस्या उत्पन्न हो रही थी। इस कारण मेले का आनंद लेने आए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि मौके पर मौजूद यातायात कर्मियों ने वाहन चालकों को अन्य रूट पर भेजा।