- बैणी संगम पर लगे बैसाखी मेले में दूसरे दिन भी उमड़े लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी। बैणी संगम पर बैसाखी मेला सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। इसमें चिनैनी के अलावा अलग-अलग जगहों से श्रद्धालु पहुंचे। उन्होंने देविका और तवी नदी के संगम स्थल पर पवित्र स्नान किया। इसके बाद भगवान शिव के प्राचीन मंदिर में माथा टेका। मेला कमेटी के मुताबिक दो दिन में लगभग 20 हजार श्रद्धालु शिव मंदिर में शीश नवा चुके हैं।
मेले में 100 से ज्यादा छोटी-बड़ी दुकानें लगाई गई हैं। चिनैनी के साथ नगुलता, बांई, बप्प, सराड़, घाड़िया, धनास तथा अन्य जगहों से लोग मेले में पहुंचकर इसका आनंद उठा रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर मेला कमेटी की ओर से लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। मेले के दौरान बैणी संगम पर लोग जलेबी, पकौड़े, मनियारी, बच्चों के लिए बाजे आदि की खरीदारी कर रहे थे।
मेला कमेटी के प्रधान विजय कुमार ने प्रशासन से मांग की है कि जिस तरह सुद्धमहादेव मेला, झिड़ी मेला व अन्य मेले आयोजित होते हैं, उसी तर्ज पर बैणी संगम की ओर भी ध्यान दिया जाए ताकि इस मेले में जम्मू-कश्मीर के अलावा दूसरे राज्यों से भी श्रद्धालु पहुंच सकें। उधर, मेले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।