बैसाखी मेले पर आयोजित सांस्कूतिक कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देते हुए कलाकार।
- उमड़ी हजारों लोगों की भीड़, कलाकारों और बच्चों ने शानदार प्रस्तुति से किया मंत्रमुग्ध
उधमपुर। शहर में देविका नदी के पवित्र तट पर आयोजित ऐतिहासिक देविका बैसाखी मेले के दूसरे दिन एक जीवंत सांस्कृतिक समारोह मनाया गया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने एक विशाल सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करते हुए शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
जिला विकास परिषद (डीडीसी) सदस्य पंचैरी जसवीर सिंह ने समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि जिला सूचना अधिकारी व नगर परिषद उधमपुर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजिंदर डिगरा विशिष्ट अतिथि रहे। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक और प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता स्वतंत्र देव कोतवाल विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
सांस्कृतिक उत्सव को देखने के लिए सभी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए। दर्शकों को स्थानीय कलाकारों और उत्साही छात्रों की ओर से प्रस्तुत डोगरी संगीत और लोकनृत्यों का आनंद मिला। सभी ने इसकी खूब सराहना की। जिले के भीतर और बाहर से हजारों लोग और भक्तों ने बैसाखी उत्सव से जुड़ी सदियों पुरानी आध्यात्मिक परंपरा को जारी रखा। पवित्र नदी में डुबकी लगाने के लिए देविका घाट पर पहुंचे।
उत्सव की भावना को बढ़ाते हुए मिठाई खिलौने और अन्य सामान बेचने वाले कई अस्थायी स्टॉलों पर भारी भीड़ देखी गई। जिससे मेला सभी उम्र के लोगों के लिए एक जीवंत और आनंदमय अनुभव बन गया। इस कार्यक्रम में जिला सहायक सूचना अधिकारी जीवन सिंह के साथ सूचना विभाग के अन्य अधिकारी राजेश गुप्ता, अमित कुमार, राकेश कुमार, अभिषेक गुप्ता, आकिब हुसैन और विजय कुमार के अलावा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे।