चिनैनी। बैणी संगम पर तीन दिवसीय बैसाखी मेले में रविवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मेला स्थल पर अलसुबह से ही श्रद्धालुओं की चहल-पहल शुरू हो गई। भगवान शिव और माता पार्वती के भक्तों ने देविका व तवी नदी के संगम पर पवित्र स्नान कर पूजा-अर्चना की।
सुबह 11 बजे तक मेला स्थल पर श्रद्धालुओं का तांता लग गया। बैसाखी मेले की शुरुआत विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया ने रिबन काटकर की।
इसके बाद विधायक ने मंदिर में माथा टेका और सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। मेला स्थल पर पुलिस प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम की ओर से शिविर भी लगाया था।