उधमपुर। जिले में चलो गांव की ओर (बैक टू विलेज) अभियान का तीसरा चरण वीरवार से शुरू हो गया है, जिसका शुभारंभ डीसी डॉ. पीयूष सिंगला ने किया। उन्होंने अभियान के लोगों की समस्याएं दूर करने के लिए चिकित्सा और इमरजेंसी के अतिरिक्त सरकारी कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। वहीं, अधिकारियों को संबंधित मुख्यालय में सुबह साढ़े दस से 10 से 11 बजे तक लोगों की समस्याओं का निपटारा करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, बिना पूर्व अनुमति के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्टेशन नहीं छोड़ने के आदेश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने सभी विभागों को केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत लाभार्थियों की सौ प्रतिशत कवरेज के निर्देश दिए। अधिकारियों को ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करने सहित चलो गांव की ओर अभियान के तीसरे चरण को सफल बनाने पर जोर दिया।
तीन हिस्सों में बांटा गया है कार्यक्रम
डीसी के अनुसार प्री बैक टू विलेज कार्यक्रम को अधिकार अभियान, उन्नत ग्राम अभियान और जन सुनवाई अभियान के तीन मुख्य हिस्सों में बांटा गया है। अधिकार अभियान के तहत डोमिसाइल प्रमाण पत्र, एससी, एसटी आरबीए, ओबीसी प्रमाण पत्र, पेंशन, छात्रवृत्ति, आधार कार्ड, केसीसी, गोल्ड कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड जारी किए जाएंगे। उन्नत ग्राम अभियान के तहत मनरेगा कार्यों को शुरू करके विकास गतिविधियों को बढावा देने, बीटूवी/सीएसएस/पीएमडीपी, 14 वें एफसी, पीएमएवाई और अन्य केंद्र प्रायोजित योजनाओं के मुद्दों के पालन के लिए विशेष कार्य किया जाएगा। जन सुनवाई अभियान के तहत सेवा वितरण में सुधार और जनता की शिकायतों का निवारण पर आधारित है।
हर बुधवार को मनाया जाएगा ब्लॉक दिवस
प्रत्येक बुधवार को ब्लॉक दिवस को सार्वजनिक शिकायतों के निवारण के लिए प्रत्येक ब्लॉक मुख्यालय पर आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त डीसी ने पीआरआई और आम जनता से भी अपील की है कि वे अभियान में भाग लें और शिकायतों का निवारण करवाएं।