संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा । धर्मनगरी के रियासी मार्ग पर शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर जगह पर मंगलवार से प्रसिद्ध तीन दिवसीय बाबा जित्तो मेला शुरू हो गया। यह मेला कटड़ा ब्लॉक में बाबा जित्तो की जन्मस्थली गांव अगार जित्तो में हर वर्ष आयोजित किया जाता है।
मेले के पहले दिन सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा जित्तो मंदिर में हाजिरी लगाकर परिवार की सुख-शांति की कामना की। डीसी रियासी निधि मलिक ने मेले का उद्घाटन किया। मेले में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल का डीसी ने निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले को सफल बनाने को लेकर समर्पण भाव से कार्य करें।
मेले में पहले दिन रात के समय बाबा जित्तो की जन्मस्थली पर स्थापित मंदिर में बाबा के अनुयायियों ने जातर यानी की विशेष पूजा-अर्चना तथा चौकी का आयोजन किया। स्थानीय निवासियों के साथ जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली आदि से पहुंचे श्रद्धालुओं ने अपनी हाजिरी लगाई।
मेला स्थल पर बाबा जित्तो लंगर कमेटी की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। यह भंडारा आगामी वीरवार तक जारी रहेगा। इसमें श्रद्धालुओं को 24 घंटे भोजन आदि उपलब्ध हो। उद्घाटन समारोह में एसएसपी रियासी परमवीर सिंह, एसडीएम कटड़ा पीयूष दोत्रा व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।