संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा । तीन दिवसीय बाबा जित्तो मेला धार्मिक रीति-रिवाज तथा भव्य रूप से 10 जून से शुरू होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक मेले का उद्घाटन 11 बजे डीसी रियासी निधी मलिक करेंगी। तीन दिन तक चलने वाले मेले मं करीब 30000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि मेले में जम्मू-कश्मीर के साथ ही पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान आदि राज्यों से श्रद्धालु शामिल होंगे। मेले के पहले दिन बाबा जित्तो की जन्मस्थली पर उनके अनुयायियों के साथ ही श्रद्धालुओं की ओर से पूजा- अर्चना तथा जातर (चौकी) का आयोजन किया जाएगा। आगामी दूसरे दिन 11 जून को बाबा जित्तो के अनुयायियों के साथ श्रद्धालुओं द्वारा पवित्र प्रतीक चिन्ह जिसमें बाबा जित्तो का गढ़वा, कटार तथा अन्य पवित्र चिन्ह पालकी में सजाकर ढोल बाजे के साथ शोभा यात्रा निकाली जाएगी। बाबा जित्तो के मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ यह चिन्ह स्थापित किए जाएंगे।
इसी बीच मंदिर क्षेत्र में विभिन्न विभागों की ओर से स्टाल लगाए जाएंगे जिसमें कृषि विभाग के साथ ही सिंचाई विभाग, भेड़ पालन, मत्स्य पालन, हस्तशिल्प विभाग, हथकरघा विभाग, विभिन्न बैंकों के स्टॉल आदि शामिल होंगे। मेले में शामिल होने वाले किसानों के साथ ही लोगों को जागरूक किया जाएगा। मेले के तीसरे दिन 12 जून को बाबा जित्तो मंदिर परिसर से पवित्र प्रतीक चिन्हों को भव्य पालकी में सजाकर ढोल बाजे के साथ शोभायात्रा के रूप में जन्म स्थली पर स्थापित किया जाएगा। रात्रि को जातर यानी विशेष-पूजा अर्चना का आयोजन होगा। 12 जून शाम को मेले के दौरान विशाल दंगल का आयोजन किया जाएगा ।