उधमपुर। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत बुधवार को गैर जियो और जीने दो संस्था ने जिला जेल में ‘तनाव प्रबंधन’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम करवाया। इसमें कैदियों को तनावमुक्त रहने के सुझाव दिए गए।
जिला जेल अधीक्षक हरीश कोतवाल के अतिरिक्त संगठन के प्रधान तारिक शाह, एडवोकेट स्वतंत्र देव कोतवाल व मुख्य रूप से उपस्थित रहे। तारिक शाह ने बताया कि वर्तमान में हर व्यक्ति कई परेशानियों से जूझ रहा है। हर उम्र के व्यक्ति पर दबाव और मानसिक तनाव है। इसका कारण अलग हो सकता है, लेकिन इसके निदान के लिए जीवनशैली में बदलाव लाना जरूरी है। तनाव हर उम्र, वर्ग और हर पेशे से जुड़े लोगों में देखा जा रहा है। इसमें मेडिकल, शिक्षा, पुलिस व अन्य विभागों के लोग भी शामिल हैं, इसलिए सभी को मानसिक स्वास्थ्य के लिए काउंसलिंग जरूरी है। तनाव से बचने के लिए व्यक्ति को अच्छी गतिविधियों जैसे पुस्तकें पढ़ना, बागवानी, चित्रकारी, संगीत से जुड़ना चाहिए। योग और ध्यान भी तनाव को दूर करने का कारगर प्रयास है।
सेवानिवृत्त लेक्चरर अनवर हुसैन तनाव प्रबंधन के लिए अच्छे माहौल में रहने और अच्छी आदतें अपनाने की प्रेरणा दी। एडवोकेट कोतवाल ने भी कैदियों को अच्छे विचार व आदतें अपनाने की सलाह दी। जेल अधीक्षक ने कार्यक्रम के लिए संगठन के प्रयासों की सराहना की। मौके पर संगठन के सदस्य चंदर मोहिनी, अली व अन्य मौजूद थे।