किश्तवाड़। बाल विवाह के खिलाफ देशव्यापी अभियान को मजबूत करने की दिशा में त्रिगाम की पंचायत रामली में जागरूकता कार्यक्रम हुआ। सत्र में अनुसूचित जनजाति गुर्जर समुदाय को बाल विवाह के दुष्परिणाम व बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा के महत्व के बारे में बताया गया। प्रोटेक्शन अफसर तौसीफ इकबाल बट ने सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया।
उन्होंने समुदाय से सतर्क रहने और किसी भी बाल विवाह की सूचना तुरंत अधिकारियों को देने की अपील की, ताकि समय रहते हस्तक्षेप किया जा सके। उन्होंने कहा कि शिक्षा और जागरूकता ही बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण की सबसे प्रभावी कुंजी है।
चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक विक्की शर्मा ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर संपर्क करने का आह्वान किया। वन स्टॉप सेंटर के शशि कुमार ने बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ दिलाई। जिला बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड हेल्पलाइन और वन स्टॉप सेंटर की ओर से करवाए गए कार्यक्रम का समन्वय आकिब काजी और आरिफ हुसैन वाजा ने किया।कार्यक्रम में पूर्व पंचायत सदस्य कासिम दीन विशेष रूप से उपस्थित रहे।