रियासी। विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विधायक कुलदीप राज दुबे ने कर्मियों की कमी के साथ खेल अवसंरचना पर बात रखी। साथ ही लंबित बिजली परियोजनाओं से संबंधित गंभीर और बहुआयामी मुद्दे उठाए। उन्होंने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग में कर्मचारियों की भारी कमी और राशन डिपो की अपर्याप्त संख्या की समीक्षा की मांग की।
विधायक ने जनरल जोरावर सिंह स्टेडियम और इंडोर स्टेडियम की बिगड़ती स्थिति का मुद्दा उठाया। कमियों पर भी प्रकाश डालते हुए खेल उपकरण बढ़ाना, प्रशिक्षित कोचिंग स्टाफ रखना और सुनियोजित खेल विकास कार्यक्रम करवाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अपार खेल क्षमता के बावजूद विशेष रूप से अरनास और पौनी तहसील में युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक कार्यों में लगाने और मादक द्रव्यों के बढ़ते खतरे से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पर्याप्त खेल अवसंरचना मौजूद नहीं है। रियासी में एएनएस-2I जलविद्युत परियोजना के शीघ्र क्रियान्वयन की मांग को दोहराया, जिसके लिए डीपीआर और तकनीकी सर्वेक्षण पहले ही पूरे हो चुके हैं।