उधमपुर। पुलिस ने बुधवार को दो चोरी के डंपर वाहनों के साथ दो चोरों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। दोनों वाहनों के चोरी की शिकायत पुलिस स्टेशन में की गई थी। पुलिस ने चोरों को पकड़ने के बाद आगे की पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपियोें की पहचान रॉकी शर्मा निवासी कघोट (रामनगर) और नरेश ठाकुर निवासी अमरोह (रामनगर) के रूप में हुई है।
एसएसपी राजीव पांडे के अनुसार करण सिंह ने पुलिस स्टेशन पहुंच कर शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसका डंपर वाहन (पीबी03एपी-5701) को चोरों ने लड्डन मोड़ इलाके से चोरी कर लिया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी। एसएचओ विजय चौधरी ने अपनी टीम के साथ कुछ लोगों के साथ वाहन की तलाश शुरू कर दी। पुलिस को वाहन डिब्बर इलाके से मिल गया। पुलिस ने डिब्बर से कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान ही एक व्यक्ति ने चोरी की बात को कबूल कर लिया। पुलिस ने लड्डन से ही एक और चोरी का डंपर वाहन (पीबी03एपी-2802) को भी बरामद कर लिया है। साथ ही चोरी करने वाले चोर को भी पकड़ लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।