उधमपुर। शहर में आ रही जाम की समस्या से निपटने के लिए नगर परिषद की ओर से शनिवार को शहर के अति व्यस्त बाजारों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। नगर परिषद की टीम ने पुलिस के साथ अवैध तरीके से लगी रेहड़ियों व फड़ियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 15 रेहड़ियां जब्त कीं।
यूं तो शहर में दिन-प्रतिदिन दिन बिना लाइसेंस के रेहड़ी लगाने वालों की संख्या में बढ़ोतरी होती जा रही है। इतना ही नहीं, माल ढोने वाली तिपहिया रेहड़ी पर भी कई लोग सब्जी बेच रहे हैं। नगर परिषद की टीम ने मुख्य बस स्टैंड, कोर्ट रोड, गोल मार्केट, सलाथिया चौक पर अवैध तरीके से लगी रेहड़ी व फड़ी वालों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान रेहड़ी वालाें की ओर से रेहड़ियां छुपाने के लिए बनाए गए हाॅटस्पाॅट पर भी छापेमारी की गई और रेहड़ियों को जब्त किया गया। ताकि शहर में लगने वाले जाम से लोगों को निजात मिल सके।
विज्ञापन
शहर में लाइसेंसी रेहड़ी लगभग 250 हैं जबकि मौजूदा समय में एक हजार से भी अधिक रेहड़ियां लगी हुई हैं। इसके चलते आए दिन शहर में जाम की स्थिति बनी रहती है।
शहर में किसी को भी अतिक्रमण करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही परिषद की ओर से शहर में रेहड़ी जोन बनाने के लिए लगातार प्रयास जारी है ताकि शहर में जाम से लोगों को परेशान न होना पड़े।
-विशाल सदोत्रा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद उधमपुर।