उधमपुर। औद्योगिक क्षेत्र बट्टल बालियां में कैमिक्ल फैक्ट्री को बंद करने की मांग को लेकर सोमवार को स्थानीय निवासियों ने रोष रैली निकाल कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा यह फैक्ट्री पूरे इलाके लिए खतरा बन चुकी है। रिहायशी इलाके के बीच फैक्ट्री को किसी तरह से खोलना उचित नहीं है। पिछले दिनों आग लगने पर पूरी फैक्ट्री आग का गोला बन गई थी और पूरे इलाके को खाली कराना पड़ा था। अब फिर से फैक्ट्री को खोलने का काम शुरू कर दिया गया है।
करीब दो सप्ताह पहले रात के समय फैक्ट्री में आग लग गई थी। फैक्ट्री में आग लगने के बाद आसपास लोगों के घरों के भी चपेट में आने की संभावना बन गई थी। लेकिन दमकल विभाग ने सूझबूझ के साथ आग को फैलने से रोक दिया था। अब स्थानीय निवासी इस फैक्ट्री को इस इलाके में नहीं चाहते हैं। सोमवार को जब स्थानीय निवासियों को फैक्ट्री खुलने के बारे में पता चला तो इसके विरोध में सड़कों पर उतर आए और प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शन में उधमपुर-1 के डीडीसी पूर्ण चंद व कई पंचायतों के सरपंच भी मौजूद थे। प्रदर्शनकारी जब फैक्ट्री में पहुंचे तो उन्होंने देखा कि फैक्ट्री के एक हिस्से में पैस्टीसाइड बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके बाद कुछ प्रदर्शनकारी फैक्ट्री के अंदर चले गए और तुरंत काम बंद करने की मांग करने लगे।
प्रदर्शन के दौरान डीडीसी सदस्य पूर्ण चंद ने बताया कि इस फैक्ट्री को इस स्थान से हटाने की कई बार मांग कर चुके हैं, लेकिन आज तक प्रशासन ने इस मांग को पूरा नहीं किया गया है। कई बार इस मांग को सरकार के सामने भी रखा गया है। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री के कारण प्रदूषण लगातार बढ़ता जा रहा है। आसपास के गांव में रहने वाले लोगों की खेती की जमीन बंजर होने लगी है। प्रदूषण के कारण बच्चों की सेहत पर भी असर पड़ रहा है। जिस प्रकार पिछले दिनों फैक्ट्री में आग लगी और आसपास के घरों तक आग की लपटे पहुंची तो लोगों के डर पैदा हो गया है।
अगर दोबारा आग लगती है तो इस बार कोई गारंटी नहीं है कि स्थानीय निवासियों के घर बच जाएंगे। जिला प्रशासन को अब स्थानीय निवासियों की मांग को गंभीरता से लेना होगा। दस पंचायातों के लोगों की मांग है कि इस फैक्ट्री को किसी दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। अब इसको इस स्थान पर किसी कीमत पर भी चलने नहीं दिया जाएगा।