खाली पड़ा श्री अमरनाथ यात्रा के लिए स्थापित पंजीकरण काउंटर।
-उधमपुर से चार दिन में मात्र 13 लोगों ने करवाया पंजीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। पहलगाम में पर्यटकों की हत्या के बाद श्री अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण कराने वालों की संख्या में भारी कमी आई है। उधमपुर में जम्मू-कश्मीर बैंक की मुख्य शाखा में बनाए गए काउंटर पर इक्का-दुक्का श्रद्धालु ही पंजीकरवाण के लिए पहुंच रहे हैं।
पहलगाम हमले के बाद से उधमपुर में चार दिन में मात्र 13 लोगों ने ही पंजीकरण कराया है। जबकि इससे पहले हर रोज 60 से 70 लोग पंजीकरण कराने पहुंच रहे थे। 15 अप्रैल से शुरू हुई इस प्रक्रिया में जिला उधमपुर से 441 लोग अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। इनमें 145 महिला और 296 पुरुष शामिल हैं। इनमें से 220 का पहलगाम रूट और 221 का बालटाल रूट से पंजीकरण हुआ है। पहलगाम हमले से पहले पंजीकरण के लिए लोगों की भीड़ लगना शुरू हो गई थी लेकिन हमले के बाद अब यह काउंटर ज्यादातर समय खाली नजर आ रहा है।
वहीं, शुक्रवार को काउंटर पर पंजीकरण कराए पहुंचे अरुण शर्मा, नेहा देवी, आदित्य डोगरा और अंजलि शर्मा ने कहा कि बाबा बफार्नी का बुलावा आया है तो जाने से कोई रोक नहीं सकता। मन में कोई डर नहीं हैं और न किसी तरह की चिंता है। पहलगाम में पर्यटकों पर हुए हमले के बाद कुछ देर के लिए मन में यात्रा की योजना को रद्द करने का विचार आया था लेकिन सरकार की आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई ने विचार बदल दिया है।
हमले के बाद पंजीकरण में कमी के सवाल पर उन्होंने कहा कि पंजीकरण में गिरावट चंद दिन की है, पंजीकरण केंद्रों पर जल्द दोबारा से भोले बाबा के भक्तों की कतार नजर आएगी। मन में भोले बाबा की भक्ति, आस्था और श्री अमर नाथ की यात्रा पर जाने का जुनून हमले के बाद भी बरकरार है। पूरे जोश और उत्साह के साथ श्री अमरनाथ यात्रा को पूरी करेंगे। आतंकवाद के नापाक मंसूबे हमारी आस्था और हमारी धार्मिक यात्राओं को कभी रोक नहीं सकते।