फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udhampur News: कल टिकरी में होगा अमरनाथ यात्रा के पहले जत्थे का स्वागत

विज्ञापन
विज्ञापन
उधमपुर। श्री अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था 30 जून की सुबह तड़के उधमपुर पहुंचेगा। टिकरी में उधमपुर की सीमा में प्रवेश करते ही काली माता मंदिर परिसर में जिला प्रशासन व शहरवासी अमरनाथ यात्रियों का हार पहना कर स्वागत करेंगे। उनको जलपान भी करवाया जाएगा और फिर जत्था आगे की तरफ निकल जाएगा। जिला प्रशासन ने अमरनाथ यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। वीरवार शाम तक सभी तरह की तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। करीब दो महीने से जिला प्रशासन अमरनाथ यात्रा की तैयारियों में जुटा हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीआरपीएफ की 137 बटालियन काे तैनात किया गया है, जोकि कमांडो, डॉग स्कवायड और ड्रोन के साथ सुरक्षा व्यवस्था को संभाल चुके हैं। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने का काम यातायात पुलिस व जम्मू-कश्मीर पुलिस को दिया गया है। उधमपुर की सीमा में अमरनाथ यात्रियों के लिए हर तरह की सुविधाएं मौजूद रहेंगी। यात्रा का जत्था उधमपुर की सीमा से गुजरेगा और अगर किसी आपात स्थिति में जत्थे को रोका जाता है तो उधमपुर में यात्रियों के ठहरने व खाने पीने की पूरी व्यवस्था रहेगी।
विज्ञापन

इनसेट
टिकरी से चिनैनी नाशरी तक लगेंगे 22 से अधिक लंगर
अमरनाथ यात्रा को लेकर जिला उधमपुर के टिकरी से चिनैनी नाशरी तक 22 से अधिक लंगरों की व्यवस्था रहेगी। इनमें अमरनाथ यात्रियों को 24 घंटे खाने की सुविधा मिलेगी। जिला प्रशासन ने 22 लंगर कमेटियों को लगाने की अनुमति प्रदान कर दी है और अगले कुछ दिनों में चार और लंगर कमेटियों को अनुमति दी जाएगी। राजमार्ग पर हर दो से तीन किलेामीटर के बाद एक लंगर लगा होगा, जहां अमरनाथ यात्री प्रसाद गहण कर सकेंगे।
इनसेट
26 लॉजमेंट सेंटर में 3000 अमरनाथ यात्रियों के ठहरने की होगी व्यवस्था
जिला उधमपुर में राजमार्ग बंद होने या फिर अन्य आपात स्थिति के दौरान जत्था रोके जाने पर 3000 अमरनाथ यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था होगी। इसके लिए 26 लॉजमेंट सेंटर तैयार किए गए हैं। यह लॉजमेंट सेंटर शहर के अंदर व राजमार्ग के किनारे पर मौजूद सरकारी इमारतों व निजी कॉलेजों की इमारतों में बनाए गए हैं। कुछ लॉजमेंट मैरिज हाल के अंदर बनाए गए हैं। इनमें अमरनाथ यात्रियों को बेड की सुविधा मिलेगी।
विज्ञापन

इनसेट
अमरनाथ यात्रियों को मिलेगी 293 शौचालय की सुविधा
जिले में टिकरी से चिनैनी नाशरी तक 51 किलोमीटर लंबे राजमार्ग पर अमरनाथ यात्रियों के लिए 293 अस्थायी व स्थायी शौचालय की सुविधा रखी गई है। लॉजमेंट सेंटर में स्थायी शौचालयों के साथ अस्थायी शौचालय भी लगाए गए हैं। इसके साथ ही सभी लंगरों में अमरनाथ यात्रियों के लिए शौचालय की सुविधा रहेगी। राजमार्ग के किनारे पर बनाए गए कम्युनिटी शौचालय भी अमरनाथ यात्रियों के लिए खोल दिए गए हैं।

श्री अमरनाथ यात्रा की तैयारियों को जिला प्रशासन ने अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। ज्यादातर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अमरनाथ यात्रा के पहले जत्थे का भव्य स्वागत टिकरी में काली माता मंदिर परिसर में किया जाएगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अमरनाथ यात्रा के दौरान उधमपुर में अमरनाथ यात्रियों को हर तरह की सुविधा मिलेगी।
विज्ञापन

-जोगिंद्र सिंह जसरोटिया, एडीसी उधमपुर।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें