कटड़ा। धर्मनगरी में बुधवार को श्राइन बोर्ड के आध्यात्मिक केंद्र में भारतीय जनता युवा मोर्चा जम्मू कश्मीर के युवा मंडल अध्यक्ष सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में राज्य के युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्षों ने हिस्सा लिया। इसकी अध्यक्षता भाजपा के युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने की। बुधवार को श्राइन बोर्ड के आध्यात्मिक केंद्र में भाजपा के जम्मू कश्मीर राज्य से युवा मोर्चा मंडल के अध्यक्ष पहुंचे। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष सूर्या ने कहा कि संगठन को जिला रियासी और ग्रामीण इलाकों सहित राज्य में और मजबूत किया जाए ताकि जम्मू कश्मीर राज्य में भाजपा चुनाव के बाद अपनी सरकार बना सके। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा नौ वर्ष में किए गए कार्य और सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं के बारे में लोगों को अवगत करवाएं ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इनका फायदा उठा सकें। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या मां के चरणों में हाजिरी लगाई। शाम को वह जम्मू के लिए रवाना हो गए। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री निर्मल सिंह, अशोक कौल, पूर्व राज्य मंत्री अजय नंदा, भाजपा के जिला अध्यक्ष रोहित दुबे, उधमपुर के भाजपा नेता पवन खजूरिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।