जम्मू के कृषि निदेशक ने किया जिला डोडा का व्यापक दौरा
संवाद न्यूज एजेंसी
भद्रवाह। जम्मू से आए कृषि निदेशक अरविंदर सिंह रीन ने जिला डोडा का दो दिवसीय दौरा किया। उन्होंने गांवों में चल रहीं कृषि पहलों की समीक्षा कर किसानों और उद्यमियों के साथ बातचीत भी की। इस दौरान उन्होंने लैवेंडर जैसी औषधीय और सुगंधित फसलों (एमएपी) की खेती में हुई उल्लेखनीय प्रगति की भी सराहना की।
दौरे की शुरुआत भद्रवाह के सुंगली में हर्बल गार्डन के दौरे से हुई, जहां कृषि निदेशक ने एमएपी की खेती और संरक्षण का निरीक्षण किया।
उन्होंने किसानों की आय में सुधार के लिए एमएपी की क्षमता पर कई सुझाव देकर पर्यावरण अनुकूल प्रथाओं के तहत संरक्षण और वाणिज्यिक खेती के प्रयासों को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद, निदेशक ने रोपाई चरण के दौरान भद्रवाह के धरेजा गांव में किसान राकेश कुमार के धान के खेतों का दौरा किया। उन्होंने टिकाऊ कृषि और पारंपरिक प्रथाओं के प्रति किसानों की प्रतिबद्धता की सराहना कर आधुनिक तरीकों को एकीकृत कर विरासत खेती तकनीकों को संरक्षित करने का महत्व बताया।
निदेशक ने समग्र कृषि विकास कार्यक्रम के तहत पंचायत धरेजा, सरटिंगल, उपमंडल प्रानू में स्थापित लाभार्थी तौकीर अहमद के हाईटेक पॉलीहाउस का दौरा किया। निदेशक ने संरक्षित परिस्थितियों में विदेशी सब्जियों की खेती का निरीक्षण कर उन्नत प्रौद्योगिकियों के माध्यम से नवाचार और सतत गहनता को प्रोत्साहित किया।
ग्राम भलरा, प्रानू में विकसित कृषि संकल्प अभियान कार्यक्रम में भाग लेकर कृषि निदेशक ने स्थानीय किसानों के साथ बातचीत की।
उन्होंने विशेष रूप से खरीफ मौसम के लिए पैदावार बढ़ाने, दक्षता में सुधार करने और कृषि में जलवायु लचीलापन सुनिश्चित करने के लिए वैज्ञानिक और आधुनिक कृषि प्रथाओं की महत्वपूर्ण भूमिका बताई।
उन्होंने ग्राम मनवाह, जोन भलरा, भद्रवाह में रजत रैना की तेल निष्कर्षण इकाई का भी निरीक्षण कर उद्यमशीलता पहल और कृषि आधारित ग्रामीण उद्योगों में मूल्य संवर्धन के महत्व की सराहना की।
कृषि निदेशक ने सरकारी डिग्री कॉलेज भद्रवाह में सीएसआईआर-आईआईआईएम जम्मू की ओर से आयोजित लैवेंडर महोत्सव के समापन समारोह में भी भाग लिया। उन्होंने भद्रवाह क्षेत्र में लैवेंडर जैसी एमएपी में हुई उल्लेखनीय प्रगति की सराहना की।
उन्होंने कहा कि लैवेंडर की खेती ग्रामीण परिवर्तन का प्रतीक बन गई है, जिससे आजीविका के नए अवसर पैदा हो रहे हैं, महिलाओं को सशक्त बनाया जा रहा है। भद्रवाह को देश में सुगंधित पौधों के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने लैवेंडर मिशन को सफल बनाने में सीएसआईआर-आईआईआईएम, सरकारी योजनाओं और किसानों की भागीदारी की सहायक भूमिका भी बताई।
उन्होंने अधिक किसानों को उच्च मूल्य वाली सुगंधित फसलों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया और उनके प्रचार के लिए निरंतर संस्थागत समर्थन का आश्वासन दिया। उनके साथ मुख्य कृषि अधिकारी डोडा अमजद हुसैन मलिक और अन्य क्षेत्रीय अधिकारी भी थे।
- फोटो सहित-