उधमपुर। डोडा के अस्सर में पीडब्ल्यूडी के वाहन के खाई में गिरने से मारे गए एईई कमल किशोर उधमपुर के जखैनी इलाके के रहने वाले थे। वह परिवार सहित जखैनी इलाके में बनाए मकान में रहते थे। कुछ महीने पहले उनकी प्रमोशन हुई थी और वह एई से एईई बने थे। उनकी मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार के साथ पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।
सुबह करीब पौने 11 बजे डोडा के अस्सर इलाके में त्रुंगुल पुल के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग का बोलेरो वाहन चालक के नियंत्रण खोने पर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में चार लोग सवार थे और तीन की मौके पर मौत हो गई। इनमें एक उधमपुर के रहने वाले एईई के पद पर नियुक्त कमल किशोर थे। कमर किशोर उधमपुर के जखैनी इलाके में रहने वाले थे। वह मूल रूप से रामबन जिले के रहने वाले थे और पिछले कई वर्षों से परिवार सहित उधमपुर के जखैनी इलाके में अपना मकान बना कर रह रहे थे। इससे पहले वह रामनगर में एई के पद पर नियुक्त थे और कुछ महीने पहले ही उनकी प्रमोशन हुई और उनको एईई बनाकर डोडा में नियुक्त किया गया। सोमवार को सभी विभाग के वाहन में सवार होकर डोडा में ड्यूटी पर जा रहे थे और वाहन दुर्घटना का शिकार हो गया।
कमल किशोर के दो बेटे हैं। जब उनकी मौत की सूचना परिवार व मोहल्लेवासियों को मिली तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पूरे मोहल्ले में गम की लहर दौड़ पड़ी। मोहल्लेवासी परिवार को सांत्वना देने के लिए घर पहुंच गए। शाम के समय उनका शव घर पहुंच गया।