रामनगर। रामनगर के दूरदराज एवं पहाड़ी क्षेत्र में दूसरे वाहन को पास देते समय डंपर के सौ फुट गहरी खाई में गिरने से चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गुलशन (25) पुत्र करतार निवासी मल उधमपुर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात नौ बजे बसंतगढ़ से मजोड़ी की तरफ जा रहा डंपर (जेके 14एच 5736) तरोंगलिया में अनियंत्रित हो कर 100 फुट गहरे नाले में गिर गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार पीएमजीवाई द्वारा मजोड़ी में तारकोल बिछाने का काम जारी है। चालक रात 8 बजे खनेड क्रेशर से कंकर लेकर मजोड़ी की तरफ जा रहा था। इस दौरान तरोंगलिया में दूसरे वाहनों को पास देते समय डंपर को पीछे करने पर वह 100 फुट गहरी खाई में जा गिरा। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बसंतगढ़ के समाज सेवक संजय कुमार ने मार्ग की खस्ता हालत के कारण हादसे का शिकार चालक की मौत पर दुख जताया है। साथ ही प्रशासन मार्ग की हालत को जल्द सुधारने की अपील की है। ऐसा नहीं होने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी है।